आजमगढ़। शासन की ओर से दीपावली पर सुरक्षा को लेकर गाइड लाइन जारी की गई है। जिले में पांच स्थानों पर पटाखे की अस्थायी दुकानें लगेंगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने पटाखा विक्रेताओं को इसकी जानकारी दी।
मुख्य अग्नि शमन अधिकारी विवेक शर्मा ने बताया कि दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के अस्थायी दुकानें लगाने ने के स्थल चिन्हित करने के साथ ही वहां पर जारी गाइड लाइन का पालन करने को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए है। दीपावली पर्व पर जनपद में लगायी जा रही आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों के स्थलों में डीएवी इंटर काॅलेज मैदान रैदोपुर, आईटीआई कालेज मैदान बलरामपुर, रामलीला मैदान रानी की सराय, पॉलिटेक्निक कालेज मैदान बलरामपुर, रामलीला मैदान मुबारकपुर चिह्नित की गई है।
जारी गाइड लाइन में एक दुकान से दूसरे दुकान की दूरी 3 मीटर से कम न हो। अस्थायी दुकानें टीन शेड की चादरों की ही बनाई जाएं। समूह स्थल पर लगाए जाने वाली आतिशबाजी दुकानों के सामने कार, मोटर साइकिल आदि की पार्किंग न की जाय, पार्किंग की व्यवस्था 50 मीटर से अधिक दूरी पर दुकान के सामने 200 लीटर क्षमता का पानी भरा ड्रम रखा जाय।