आजमगढ़। कप्तानगंज बाजार में स्थित फर्नीचर की दुकान में सोमवार की सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अगलगी से लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया गया। कप्तानगंज चौक से महराजगंज मार्ग पर चित्रसेन प्रजापति की अपने घर के निचले हिस्से में फर्नीचर की दुकान है। ऊपरी तल पर वह परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को सुबह शार्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लग गई। धुंआ उठने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद दुकानदार का परिवार किसी तरह घर से बाहर निकल आया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। घंटों प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सारा सामान जल चुका था। दुकानदार चित्रसेन के अनुसार दुकान में रखे फ्रिज, कूलर, आलमारी, बेड, कुर्सी, रजाई, तकिया आदि नष्ट हो गए हैं। घटना से काफी देर तक आसपास हड़कंप मचा रहा।