तरवां। थाना क्षेत्र के महंगूगंज बाजार स्थित बाइक वर्कशॉप में बुधवार की रात लगभग 11 बजे शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। अगलगी की इस घटना में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने अथक प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया। मेंहनगर क्षेत्र के खरगपुर गांव निवासी गणेश प्रसाद तरवां थाना के महंगूगंज बाजार में किराए के भवन में 10 साल से बाइक वर्कशॉप चलाते हैं। रोज की भांति बुधवार को भी वह अपनी वर्कशॉप बंदकर घर चले गए। रात लगभग 11 बजे वर्कशॉप में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। धुआं उठने पर स्थानीय लोगों को जानकारी हुई। इस पर लोगों ने फोन से वर्कशॉप संचालक को सूचना दी। वर्कशॉप संचालक के आने पर किसी तरह दुकान खोली गई और फिर स्थानीय लोगों ने बाल्टी आदि से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घंटों प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। पीड़ित के अनुसार, अगलगी की घटना में 20 हजार नकद और लगभग पांच लाख का सामान राख हो गया। संवाद