बिंद्रापुर। गंभीरपुर गांव में रविवार की भोर में एक मड़ई में अज्ञात कारणों से आग लग गई। परिवार और आसपास के लोग जब तक आग पर काबू पाने पहुंचे तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। गंभीरपुर गांव निवासी सुराती देवी मड़ई डालकर जीवन यापन करती हैं। रविवार की भोर में तीन बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कपड़े, चारपाई, अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो चुका था। आग लगने का सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रधान संतोष कुमार ने इसकी जानकारी लेखपाल को दे दी है। हालांकि, मौके पर अभी तक कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा है, जिसके चलते नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। पीड़ित परिवार प्रशासन से जल्द मदद और जांच की मांग की जा रही है।