आजमगढ़। अधिकारी-व्यापारी विवाद में आखिरकार अधिकारियों पर गाज गिर ही गई। एसडीएम सदर और सीओ सिटी को सगड़ी स्थानांतरित कर दिया गया है। उनके स्थान पर एसडीएम सगड़ी और सीओ सगड़ी को क्रमश: एसडीएम सदर व सीओ सिटी का चार्ज दिया गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार की संस्तुति पर चुनाव आयोग का निर्देश आने पर स्थानांतरण किया गया है। है। दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण को व्यापारी अपनी जीत मान रहे है लेकिन शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमें को लेकर उनमें दहशत भी बरकरार है। बीते मंगलवार को एसडीएम सदर गौरव कुमार व सीओ सिटी राजेश तिवारी बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए मास्क चेकिंग अभियान पर निकले थे। इसी दौरान शहर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में सराफा कारोबारी आशीष गोयल से इनका विवाद हो गया। व्यापारी का आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने मास्क के नाम पर उनका उत्पीड़न किया और दुकान में घुस कर पिटाई किया। इतना ही नहीं उसे घसीटते हुए दुकान से निकाल कर कोतवाली लेकर चले गए। विरोध में सभी व्यापारी अपनी दुकाने बंद कर कोतवाली का घेराव किया। इस प्रकरण में जिलाधिकारी राजेश कुमार ने आयोग को दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण सगड़ी तहसील करने और वहां तैनात एसडीएम वागीश कुमार शुक्ला व क्षेत्राधिकारी सगड़ी निष्ठा उपाध्याय को इनके स्थान पर भेजे जाने की संस्तुति की थी। डीएम की संस्तुति पर आयोग ने शुक्रवार को दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण की अनुमति दे दिया। वहीं एसपी सुधीर कुमार सिंह ने भी आयोग के निर्देश पर सीओ सिटी राजेश तिवारी को सीओ सगड़ी व सीओ सगड़ी निष्ठा उपाध्याय को सीओ सिटी पद पर स्थानांतरित कर दिया।