जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कैथौली-रजादेपुर मार्ग पर शनिवार की देर शाम पिकअप व बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपने नवजात पुत्र व पत्नी से मिल कर घर वापस लौट रहा था।
जीयनपुर के जमीन मुहम्मदपुर गांव निवासी संदीप कुमार 24 शनिवार को अपनी ससुराल धनछुला गया था। मायके में ही उसकी पत्नी की डिलेवरी हुई थी। नवजात व पत्नी से मिल कर वह देर शाम वापस घर लौट रहा था। कैथौली-रजादेपुर मार्ग पर बड़ागांव के पास पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। संदीप के मौत की सूचना घर पहुंची तो परिजन बिलख पड़े।