जहानागंज। बोर्ड परीक्षा की परीक्षा के दौरान मंगलवार को प्रथम पाली में गणित की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ लिया। यह छात्र पंजीकृत छात्र के नाम पर परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर जहानागंज थाने की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी मुताबिक मंगलवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की गणित की परीक्षा हुई। इस दौरान शिक्षा क्षेत्र जहानागंज क्षेत्र के माता धिराजी देवी बालिका इण्टर कालेज सलेमपुर सुल्तानीपुर में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया जो पंजीकृत छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। विद्यालय के बाह्य केंद्र व्यवस्थापक कमलेश कुमार ने जहानागंज थाने में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि सलेमपुर सुल्तानीपुर थाना जहानागंज का रहने वाला एक युवक दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। उनकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसके खाला (मौसी) का लड़का जो दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ का निवासी है। वह गांव के ही माताधिराजी बालिका इंटर कालेज में हाईस्कूल का परीक्षा दे रहा था। आरोपी ने बताया कि उसके मौसी का लड़का पढ़ने लिखने में कमजोर है, उसके कहने पर उसने प्रवेश पत्र पर उसके फोटो के स्थान पर अपना फोटो लगाकर कूटरचित प्रवेश पत्र पर परीक्षा दे रहा था।