तहबरपुर। किसानों को अब खाद और बीज के लिए जगह-जगह भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें यह सारी चीजें व सुविधाएं एक जगह उपलब्ध होंगी। किसानों की सुविधा के लिए तहबरपुर में 80 लाख रुपये की लागत के कृषि कल्याण केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। शासन ने न सिर्फ इसके लिए मंजूरी दे दी है, बल्कि धन अवमुक्त करते हुए भवन निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को जिम्मेदारी सौंपी है। किसानों की आय बढ़ाने को लेकर शासन स्तर से तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्हें गेहूं, धान की उपज का वाजिब मूल्य मिले क्रय केंद्रों की स्थापना कर खरीद की जा रही है। अब उन्हें सारी सुविधाएं बगैर किसी भागदौड़ के एक जगह हासिल हो जाय इसकेलिए तहबरपुर में एक कृषि कल्याण केंद्र की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जिला कृषि अधिकारी डा. गगनदीप सिंह ने बताया कि 80 लाख रुपये की लागत से केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन को भवन निर्माण का कार्य सौंपा गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बताया कि कृषि कल्याण केंद्र में सीड स्टोर, कृषि रक्षा इकाई के साथ तकनीकी जानकारी देने के लिए मीटिग हाल का भी निर्माण हो रहा है। इससे किसानों को सारी सुविधाएं एक जगह ही हासिल हो जाएंगी।