सीएचसी फूलपुर में वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण करते हुए नेत्र रोग विशेषज्ञ। संवाद
आजमगढ़। सहायक संभागीय परिवहन विभाग की पहल पर सीएचसी फूलपुर में बुधवार को वाहन चालकों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नेत्र सर्जन डॉ. कुंदन गुप्ता व वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. आरबी वर्मा ने 87 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। इसमें से 12 को चश्मा लगाने की सलाह दी गई। शिविर में फूलपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के वाहन चालकों एवं परिचालकों ने भाग लिया। इसमें हेरा पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स, न्यू कैम्ब्रिज तथा कैफ़ी आज़मी सहित क्षेत्र के सभी वाहन संचालित करने वाले स्कूलों के चालक और परिचालक शामिल रहे। नेत्र परीक्षण के दौरान 12 मरीजों को नजदीकी चश्मे की आवश्यकता के लिए चिन्हित किया गया। डा. आरबी वर्मा ने बताया कि नियमित नेत्र परीक्षण से वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता बेहतर बनी रहती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होती है। एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों की सेहत का ध्यान रखते हुए यातायात को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।