कोरोना कर्फ्यू के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में हुई साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की स्थिति जानने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बृहस्पतिवार को ग्रामीण क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई न मिलने पर डीपीआरओ से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने विकास खंड पल्हनी के छतवारा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सड़कों पर जगह-जगह गंदगी मिली। सीडीओ ने इसे लेकर सख्त नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत अधिकारी से जवाब तलब किया। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन के लिए सभी खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत और खंड प्रेरक को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में इस महत्वपूर्ण कार्य के प्रति लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।