आजमगढ़। प्री पेड बिजली मीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को अब बैलेंस खत्म होने के बाद अंधेरे में रात गुजारने का डर नहीं सताएगा। यदि स्मार्ट प्रीपेड उपभोक्ता अपना कनेक्शन रिचार्ज नहीं कर रहा है तो उसकी तीन दिन तक बिजली नहीं काटी जाएगी। इस संबंध में उर्जा निगम ने निर्देश भी जारी कर दिया।
जनपद में विद्युत वितरण के लिए छह खंड बनाए गए हैं। इसमें विभिन्न भार के 6.90 लाख उपभोक्ता हैं। सबसे पहले डिवीजन प्रथम शहरी क्षेत्र में स्मार्ट प्री पेड मीटर लगाए जाने हैं। इसके लिए सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। निगम की तरफ से स्मार्ट मीटर का प्रयोग करने वालों के लिए निगम ने निर्देश जारी किए हैं। इसमें इमरजेंसी क्रेडिट के अंतर्गत तीन दिन बिजली कनेक्शन न काटने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक या राष्ट्रीय अवकाश के साथ रविवार व माह के दूसरे शनिवार को भी बैलेंस खत्म होने के बाद बिजली मिलती रहेगी। लेकिन इसके बाद उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर रिचार्ज कराना होगा।
इस संबंध में एसडीओ नगर संदीप प्रजापति ने बताया कि स्मार्ट प्री पेड मीटर लगाने के लिए शहर में सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। दो- चार दिन में लगने भी शुरू हो जाएंगे। निगम के दिशा निर्देशों के तहत स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को आपूर्ति का लाभ दिया जाएगा।