आजमगढ़। डीएवी पीजी कालेज की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराए जाने और प्रबंध समिति की मनमानी को लेकर विगत दिनों छात्रसंघ के अध्यक्ष अमर बहादुर यादव के नेतृत्व में छात्रनेताओं ने धरना दिया था। शहर कोतवाल द्वारा मांगों को पूर्ण कराए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना स्थगित कर दिया गया था। छात्रों ने शहर कोतवाल को पत्र देते हुए बताया कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। जिसके कारण छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। छात्र संघ ने चेतावनी दिया है कि जल्द ही अगर मांगों को पूरा नहीं किया तो छात्र धरना देने के लिए बाध्य होंगे। अध्यक्ष ने बताया कि इसकी प्रतिलिपि महाविद्यालय की प्राचार्या को दी गई है। इस अवसर पर महामंत्री शैलेश कुमार, पूर्व महामंत्री ऋतुराज सिंह, उद्देश्य जायसवाल आदि उपस्थित रहे।