रोडवेज क्षेत्र स्थित शॉपिंग माल के पास सोमवार को माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एजेंट से लगभग आठ लाख रुपये की लूट का पुलिस चार दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। जबकिखुलासे के लिए चार टीमें लगी हैं लेकिन यह फिलहाल हवा में ही तीर मार रही है। उधर, सीओ सिटी ने कुछ लोगों को उठा कर पूछताछ किए जाने की बात कहते हुए जल्द खुलासे का दावा किया है। माइक्रो फाइनेंस कंपनी का एजेंट प्रमोद वसूली पर निकला था। वह रोडवेज स्थित एक शॉपिंग माल से वसूली कर बाहर निकला था कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक और रुपये रखा बैग छीन कर बवाली मोड़ की तरफ फरार हो गए थे। आईजी ने एक सब इंस्पेक्टर समेत दो को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया। घटना को चार दिन हो चुके है लेकिन अब तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। सीओ सिटी गौरव कुमार ने बताया कि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।