सरायमीर थाना क्षेत्र के करौली खुर्द गांव निवासी युवक की शुक्रवार को हरियाणा प्रांत के गुरूग्राम में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए गुरूग्राम रवाना हो गए हैं।
करौली खुर्द गांव निवासी अब्दुल मलिक (22) पुत्र मोहसिन रजा रोजी रोटी के लिए हरियाणा प्रांत के गुरूग्राम में रहते थे। वह पेशे से इंजीनियर थे और किसी प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। शुक्रवार को वह ऑटो से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान डंफर की चपेट में आकर ऑटो अनियंत्रित हो कर पलट गया। इस हादसे में अब्दुल गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह मां-बाप के इकलौते पुत्र थे। उनकी तीन बहनें हैं।