लाटघाट स्थित खादी ग्राम उद्योग की दुकान में कर्मचारी की मौत के खबर के बाद बाहर जुटी लोगों की भीड़?
- फोटो : AZAMGARH
लाटघाट। जीयनपुर कोतवाली के लाटघाट बाजार स्थित खादी भंडार गांधी आश्रम की दुकान में एक कर्मचारी संदिग्धावस्था में मृत हाल में पड़ा मिला। लोगों का अनुमान है कि ठंड लगने से मौत हुई है वहीं पुलिस पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है। फिलहाल मृत कर्मचारी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लाटघाट बाजार में खादी ग्रामोद्योग भारत सरकार द्वारा प्रमाणित खादी भंडार की दुकान है। इस दुकान पर प्रकाश सेवा आश्रम एवं ग्रामोद्योग सुदनीपुर गांधी आश्रम के कर्मचारी रामनाथ यादव (60) निवासी नगरीपार थाना मोहम्मदाबाद जिला मऊ की तैनाती थी। वह दिनभर दुकान खोलते थे और रात में इसी दुकान के अंदर सो जाते थे। प्रतिदिन सुबह उठ कर वह टहलते थे लेकिन मंगलवार की सुबह वह दुकान के बाहर नहीं निकले। इतना ही नहीं 12 बजे तक दुकान नहीं खुली तो लोगों को रामनाथ की मोबाइल पर फोन किया। मोबाइल की घंटी दुकान के अंदर बज रही थी लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। इस पर लोगों ने सूचना पुलिस व गांधी आश्रम को दी। पुलिस व गांधी आश्रम के लोगों के पहुंचने पर शटर का ताला तोड़ा गया। अंदर लोग पहुंचे तो रामनाथ मृत हाल में पड़े थे। वह गांधी आश्रम की ही एक दरी बिछा कर आधे पर सोए थे और आधा ओढ़े हुए थे। लोगों का कहना था कि ठंड से उनकी मौत हुई है। वहीं पुलिस पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।