फूलपुर तहसील सभागार में बार बेंच के बीच समन्वय समिति की बैठक। संवाद
- फोटो : kathua news
मेजवां। फूलपुर स्थित सभागार में सोमवार को एसडीएम अशोक कुमार की अध्यक्षता में बार एसोसिएशन समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबे समय से लंबित वादों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बार संघ के अध्यक्ष श्रीराम यादव और महामंत्री सुभाष चंद यादव ने अमल दरामद, अंश निर्धारण, धारा 24, धारा 32, धारा 34, धारा 116 तथा धारा 38 सहित विभिन्न राजस्व वादों के निस्तारण का ब्यौरा समय से कंप्यूटर में दर्ज न होने की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई मामलों में राजस्व निरीक्षक मौके पर नहीं पहुंचते हैं और तहसील में बैठकर ही रिपोर्ट लगाकर फाइलों का निस्तारण कर दिया जाता है, जो गंभीर विषय है। इस पर एसडीएम अशोक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम ने अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने में उनका विशेष योगदान रहता है। कार्यक्रम को तहसीलदार राजीव कुमार ने भी संबोधित किया। संचालन पूर्व बार संघ अध्यक्ष रामनारायण यादव ने किया। इस अवसर पर पीसी लाल, इंदुशेखर पाठक, देशराज, इश्तियाक अहमद, सैय्यद शमीम काजिम, हृदय शंकर मिश्रा, लालचंद यादव, संदीप, अतुल, रमेश चंद, कमलेश कुमार आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।