गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बाबा की कुटी के पास मंगलवार की सुबह ट्रक ने आगे चल रहे हाथी को टक्कर मार दी। जिससे हाथी पर बैठे दो महावत नीचे गिर कर घायल हो गए। वहीं हाथी को भी गंभीर चोट आयी है। घटना के बाद चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कठरावा गांव निवासी सरदार और नासिर के पास अपना हाथी है। गंभीरपुर बाजार में आयोजित होने वाले किसी वैवाहिक समारोह में हाथी की बुकिंग थी। दोनों महावत सरदार व नासिर मंगलवार की सुबह हाथी पर सवार होकर ठेकमा से गंभीरपुर बाजार जा रहे थे। बाबा की कुटी के पास ठेकमा की तरफ से आ रहे ट्रक ने हाथी को टक्कर मार दी। जिससे हाथी के साथ ही उस पर बैठे दोनों महावत गिर कर घायल हो गए। हाथी को भी गंभीर चोट आयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसओ मय फोर्स मौके पर पहुंचे। दोनों महावतों को मौके पर ही दवा आदि उपलब्ध करा दी गई। जबकि घायल हाथी के इलाज के लिए वन विभाग को सूचना दी गई।