आजमगढ़। प्रीपेड मीटरों का इस्तेमाल करने वाले बिजली उपभोक्ताओं को बैलेंस खत्म होने के बाद बिजली कटने का डर नहीं सतायेगा। इसके लिए ऊर्जा निगम की तरफ से निर्देश जारी किया गया है। इमरजेंसी क्रेडिट के अंतर्गत तीन दिनों तक बिजली नहीं काटी जाएगी।
शहर में स्मार्ट प्री पेड मीटर लगने शुरू हो गए हैं। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के यहां लगाया जाएगा। स्मार्ट प्री पेड मीटर में यह सुविधा है कि बकाए पर कर्मचारी कार्यालय से ही बिजली काट देंगे। इसे लेकर उपभोक्ता काफी परेशान थे। लेकिन ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं को राहत दी है। बैलेंस न होने पर इमरजेंसी क्रेडिट के अंतर्गत तीन दिनों तक बिजली नहीं काटी जाएगी। स्मार्ट प्री पेड बिजली मीटर में रकम न होने के बाद शाम से सुबह तक बिजली कटौती से भी छुटकारा मिल जाएगा। सार्वजनिक या राष्ट्रीय अवकाश के साथ रविवार व माह के दूसरे शनिवार को बैलेंस न होने के बाद भी बिजली आपूर्ति होती रहेगी। अधिशासी अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि किसी अवकाश के पूर्व अगर किसी उपभोक्ता का बैलेंस खत्म हो गया तो उसको घबराने की जरूरत नहीं है। अब वह तीन दिनों के भीतर अपना मीटर रिचार्ज करवा सकता है। उसकी बिजली नहीं काटी जाएगी। इस संबंध में सर्वे कराया जा रहा है। जो उपभोक्ता अपना मीटर बदलवाना चाहते हैं, उनको भी सुविधा का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर कोई उपभोक्ता पोस्टपेड से प्री पेड में अपना मीटर बदलवाना चाहता है तो उसके लिए भी नए प्रावधान किए जाएंगे।