आजमगढ़। बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए विभाग तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है। इसके बाद भी विद्युत चोरी पर लगाम नहीं लग पा रही है। विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग अपने स्तर से नई योजना बनाया है। अब रात के समय में भी जांच अभियान चलाया जाएगा।
जिले में पांच लाख के आसपास विद्युत उपभोक्ता हैं। इसके अलावा कई लोग बाईपास के जरिए बिजली का लगातार प्रयोग करते चले आ रहे हैं। जो विजलेंस टीम के मार्निंग रेड व विभाग की जांच में लगातार पकड़े जा रहे हैं। विभाग द्वारा इन पर विद्युत चोरी का मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है। विभाग के लाख प्रयास के बाद भी बहुत से लोग आज भी चोरी से बिजली जला रहे हैं।
कटिया के जरिए जब आवश्यकता पड़ती है तब यह लोग बिजली का प्रयोग करते हैं और जब नहीं तो कटिया हटा लेते हैं। कटिया कनेक्शन वाले हर महीने विभाग को लाखों का चूना लगा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ विभाग नए सिरे से जांच अभियान चलाने जा रहा है। मार्निंग रेड, सामान्य चेकिंग के अलावा विभाग रात के समय भी चेकिंग अभियान चलाएगा। क्योंकि इस समय लोग बेफिक्र होकर बिजली का उपभोग करते हैं। इसमें विजलेंस टीम की भी मदद ली जाएगी, जिससे कि विद्युत चोरी पर अधिक से अधिक रोक लगाई जा सके।
0000000
बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए शाम छह से रात 10 बजे के बीच विजलेंस टीम के साथ नाइट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान चोरी से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संदीप प्रजापति, एसडीओ