नगर पंचायत के कोयलसा के वार्ड तीन में पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बाधित है। जिसको लेकर शनिवार को लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने कोयलसा चौक पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर चौकी इंचार्ज पहुंचे लेकिन कोई विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसओ अतरौलिया ने लोगों से एक दिन की मोहलत लेकर चक्काजाम को समाप्त कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिसकी शिकायत लोगों द्वारा संबंधित विभाग से कई बार की गई लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। लगभग डेढ़ सौ अधिक घरों के लोगों को अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ रहा है। इस भीषण गर्मी और उमस में लोग किसी तरह से गुजारा कर रहे हैं लेकिन विभाग द्वारा लापरवाही की सारी हदें पार कर दी गई हैं। क्षेत्रीय जेई कुंवरभगत द्वारा क्षेत्रीय लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और ट्रांसफार्मर विभाग में नहीं होने दावा भी किया जाता हैं। इतना ही नहीं शिकायत करने पर कनेक्शन धारी को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जाती है। जिसके कारण आज लोगों को चक्का जाम करने को विवश होना पड़ा। चौकी इंचार्ज रामनिहाल वर्मा अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। लगभग दो घंटे तक चले जाम के बाद एसओ अतरौलिया प्रमेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे उन्होंने लोगों से एक दिन का समय मांगा और चक्काजाम को समाप्त कराया। इस मौके पर महेश गुप्ता, राहुल पांडेय, सलमान, राजेश गुप्ता, आशीष गुप्ता, एजाज अहमद, इमरान अहमद, सोनू गुप्ता, अमन, डब्लू यादव, राहुल चौरसिया, आशीष, अरुण आदि उपस्थित थे।