आजमगढ़। मंडल के आजमगढ़ और मऊ जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए बिजली निगम की ओर से 1.59 करोड़ रुपये की लागत से सुधार कार्य कराए जाएंगे। शासन ने निगम की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। मुख्य अभियंता इंजी. रामबाबू ने बताया कि आजमगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में 14.70 लाख रुपये और मऊ के औद्योगिक क्षेत्र में 1.44 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से विद्युत ढांचे को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। इसके तहत जर्जर और खराब हो चुके बिजली के तारों को बदला जाएगा, क्षतिग्रस्त और पुराने बिजली पोलों को हटाकर नए पोल लगाए जाएंगे और आवश्यकता वाले स्थानों पर नई विद्युत लाइनें खींची जाएंगी। इसके अलावा विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने के लिए अन्य तकनीकी सुधार भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर करने और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिजनेस प्लान में यह योजना तैयार की गई है। वर्तमान में कई स्थानों पर पुराने तार और पोल होने के कारण तकनीकी खराबियां आती रहती हैं, जिससे उद्योगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर व अन्य विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सुधार कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।