बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के इनावभार में सोमवार की रात बाइक अनियंत्रित होने से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर गांव निवासी जयप्रकाश यादव (45) पुत्र विश्वनाथ यादव बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे। सोमवार को वह अपने भतीजे प्रवीण यादव के साथ बाइक से लालगंज बिजली विभाग के कार्य के लिए गए थे और रात में वह वापस आ रहे थे। बाइक से वह जैसे ही गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मार्टीनगंज-गंभीरपुर मार्ग पर इनावभार के पास पहुंचे ही थे तभी अचानक जानवर सामने आ गया। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर पड़े। इस हादसे में बाइक चला रहे प्रवीण को कुछ चोटें आईं लेकिन पीछे बैठे जयप्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने जयप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।