आजमगढ़। छोटे-छोटे उपभोक्ताओं का 10 हजार से अधिक बिजली बिल बकाया होने पर निगम उनका कनेक्शन काट देता है। वहीं ग्राम पंचायतों में स्थित स्कूल, पानी की टंकी के मोटर, पंचायत भवन, स्ट्रीट लाइट आदि का मंडल की 3396 ग्राम पंचायतों पर 77 करोड़ 65 लाख 73 हजार 403 रुपये का बिजली बिल बकाया है। निगम की ओर से इस बिल की रिकवरी नहीं की जा सकी है। इतना ही नहीं इन मंडल ग्राम पंचायतों की ओर से कुल 4399 कनेक्शन के लिए आवेदन किए गए हैं। सत्यापन कराने पर मात्र 728 आवेदन ही सही मिले। शेष गलत हैं।
आजमगढ़ डिविजन में तीन जिले आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपद आते हैं। आजमगढ़ में कुल ग्राम पंचायतों की संख्या 1811 है। जबकि बलिया में 940 और मऊ जनपद में कुल 645 ग्राम पंचायतें हैं। शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में स्थित स्कूल, पानी टंकी, पंचायत भवन और स्ट्रीट लाइट आदि का कनेक्शन लिया जाता है। उसके बिल का भुगतान ग्राम पंचायत स्तर से ही किया जाता है। लेकिन, अगर मंडल में देखें तो तीनों जनपदों की 3396 ग्राम पंचायतों पर 77 करोड़ 65 लाख 73 हजार 403 रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसमें आजमगढ़ की ग्राम पंचायतों पर 29 करोड़ 39 लाख 46 हजार 117 रुपये, बलिया की ग्राम पंचायतों पर 34 करोड़ 70 लाख 44 हजार 467 रुपये और मऊ की ग्राम पंचायतों पर 13 करोड़ 55 लाख 82 हजार 817 रुपये रुपये बकाया है। वहीं देखें तो आजमगढ़ में 1811 ग्राम पंचायतों में कनेक्शन के लिए 1564 आवेदन फीड किए गए। बलिया की 940 ग्राम पंचायतों में 1421 और मऊ की 645 ग्राम पंचायतों में 1414 आवेदन दर्ज किए गए। जब इनकी जांच की गई तो आजमगढ़ में मात्र 178, बलिया में 394 और मऊ जनपद में 156 आवेदन ही सही मिले। इनमें से भी आजमगढ़ में 106, बलिया में 333 और मऊ में 87 कनेक्शन के बिल सही मिले।
00
ग्राम पंचायतों का जो कनेक्शन हैं उसे कोड जारी किया जाता है। उसका जो भी बिल आता है उसकी सूचना संबंधित विभाग के निदेशालय को जाती है। वहीं से ही पैसे का भुगतान होता है। इसलिए स्थानीय स्तर पर हमारी ओर से कोई अभियान नहीं चलाया जाता है।
राघवेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता।