शेखपुरवा में हत्या के बाद मौके पर जुटी भीड़। संवाद
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में बुधवार की रात में भुवाल चौहान (65) की घर में सोते समय धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। परिवार के लोगों को बृहस्पतिवार की सुबह घटना की जानकारी हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बताया कि परिवार के लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि भुवाल चौहान बुधवार की रात में खाना खाने के बाद कमरे में सो रहे थे। रात लगभग 12 बजे के बाद अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह जब परिजनों ने उन्हें मृत पाया तो हत्या की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंची। घटना से संबंधित साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।