अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव के पास शनिवार की देर रात ई-रिक्शा चालक पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडा व रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मोहब्बतपुर गांव निवासी लालबहादुर राजभर 30 ई-रिक्शा चालक था। शनिवार की देर रात वह ई-रिक्शा चलाकर घर लौट रहा था। अभी वह गांव से 200 मीटर दूर पहुंचा था कि पहले से घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडा व रॉड से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर उसे लहूलुहान हाल में छोड़कर फरार हो गए। आननफानन में परिजन और ग्रामीण घायल को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही लालबहादुर ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने भी जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह दो पुत्र व दो पुत्रियों का पिता था। मृतक के भाई अवध बहादुर ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।