आजमगढ़। चुनाव की आचार संहिता के दौरान जहां नए कार्य प्रतिबंधित होते हैं वहीं बूढ़नपुर नगर पंचायत में लगभग सवा करोड़ रुपये के सामानों की खरीदारी कर ली गई। इसकी जानकारी होने पर पूर्व पालिकाध्यक्ष माला द्विवेदी ने इसकी शिकायत शासन, मंडलायुक्त और डीएम से कर दी। इस शिकायत पर डीएम ने कमेटी का गठन कर जांच का निर्देश दिया है। मार्च महीने में उप्र विधानसभा चुनाव संपन्न कराए गए। फरवरी माह में ही विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। आचार संहिता लागू होने के बाद कई जरूरी काम ठप हो गए और जिला प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट गया। आचार संहिता लागू होने के बाद पूरे प्रदेश में सभी नए कामों पर ब्रेक लग गया और यह शुरू नहीं हो सके। लेकिन इसी बीच बूढ़नपुर नगर पंचायत द्वारा टेंडर कराकर एक करोड़ 25 लाख रुपये के सामानों की खरीद की गई। इस पैसे से नगर पंचायत द्वारा स्ट्रीट लाइट, डस्टबीन आदि की खरीद की गई। इसकी जानकारी होने पर नगर पालिका परिषद आजमगढ़ की पूर्व अध्यक्ष माला द्विवेदी ने इसकी शिकायत शासन, मंडलायुक्त और डीएम से कर दी। अभी इस शिकायत पर कोई कार्रवाई होती उससे पहले ही लोकसभा उपचुनाव की आचार संहिता लग गई। लोकसभा उपचुनाव संपन्न होने के बाद अब उक्त शिकायत पर कार्रवाई शुरू हो गई है। डीएम ने इस मामले में कमेटी का गठन कर जांच कराने का निर्देश दिया है। इस मामले में पूर्व नगरपालिका माला द्विवेदी ने कहा कि आचार संहिता के दौरान बूढ़नपुर नगर पंचायत में सवा करोड़ रुपये की खरीद की गई है। लेकिन खरीदे गए सामानों का कहीं पता नहीं है। जिस कंपनी को टेंडर दिया गया है। उसका रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। जिसकी शिकायत मैंने शासन, मंडलायुक्त और डीएम से की है। वहीं बूढ़नपुर के ईओ लव कुमार मिश्रा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह आरोप पूरी तरह से निराधार है। आचार संहिता के दौरान नगर पंचायत में किसी प्रकार कोई सामान नहीं खरीदा गया है। ना ही कोई टेंडर कराया गया है।