अहरौला। आलमपुर गांव में रविवार रात पूर्व प्रधान श्रीराम चौहान की गोली मारकर हत्या के बाद परिजनों के बढ़ते विरोध के कारण मंगलवार को दूसरे दिन भी अंत्येष्टि नहीं हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण वर्तमान प्रधान पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। देर शाम तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। मौके पर एमएलसी, एडीएम, एसडीएम, एसपी ग्रामीण चिराग जैन, सीओ सहित अन्य अधिकारी परिवार को समझाए लेकिन परिजन अड़े रहे। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर ने परिजनों से दो घंटे तक अंतिम संस्कार के लिए समझाते रहे लेकिन लाख प्रयास के बाद भी परिजन तैयार नहीं हुए। परिजनों ने मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग की। आश्वासन दिया कि आप दाह संस्कार करिए इसके बाद जिससे कहेंगी उससे मुलाकात कराएंगे। परिजनों का कहना था इसके पहले भी घटना घटित हुई थी जिस पर पुलिस के द्वारा कोई सहयोग नहीं किया गया और हमें कोर्ट जाना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर 22 सितंबर को पुलिस ने केस दर्ज किया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कार्रवाई का भरोसा दिया। एडीएम ने परिजनों को समझाया कि शासन प्रशासन आप के साथ है, कार्रवाई जरूर होगी। इसके बाद भी मृतक श्रीराम चौहान के बड़े पुत्र बृजभान चौहान व मृतक के भाई रामआसरे चौहान और अन्य परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। परिजनों ने कहा कि उन्हें सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिए जाएं। साथ ही जब तक कार्रवाई नहीं होगी तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा। पुलिस ने मंगलवार को नामजद आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। अब तक पुलिस ने प्रधानपति रामसेवक, धर्मेंद्र और अभिषेक को गिरफ्तार किया है। बाकी के सात आरोपियों की तलाश अभी चल रही है।
00
घटना के बाद भी मुख्य आरोपी शुभम का रील बना चर्चा का विषय
मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद भी मुख्य आरोपी शुभम चौहान सोशल मीडिया पर वांटेड लिखकर मूंछ पर ताव देता रील डाल रहा है। अभी भी वह जाने लेने की बात कहता है। ऐसे में परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि उसके प्रोफाइल की जांच की तो पता चला कि वांटेड वाला रील उसने तीन जून को डाला है। वहीं मूछ पर ताव देने वाला वीडियो उसने घटना के एक दिन पूर्व 29 सितंबर को डाला है।
00
पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में सोमवार को प्रधान पति रामसेवक और धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं मंगलवार को एक और आरोपी अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी के सात आरोपियों की तलाश अभी जारी है। बहुत जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
- चिराग जैन, एसपी ग्रामीण आजमगढ़।