बाढ़ के मद्देनजर लोगों को सचेत करने के लिए प्रशासन स्तर पर मॉकड्रील से जानकारी दी गई। इसके तहत डूब रहे युवक की जानकारी मिलने पर टीम ने पहुंच कर उसे बचाया और उपचार दिया। साथ ही मदद की जानकारी कैसे दी जाए इसके बारे में भी बताते हुए जागरूक किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर सभागार में बृहस्पतिवार की सुबह जिले के अधिकारी बैठे हुए थे। तभी कंट्रोल रूम में फोन आया कि घाघरा में आई बाढ़ में एक युवक डूब रहा है। कलेक्ट्रेट से निकलकर एनडीआरएफ की टीम सीधे महुला गढ़वल बांध पहुंची। जहां उसने डिघिया नाले के पास नदी में डूब रहे युवक को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त युवक का उपचार किया। इसके बाद टीम ने बाढ़ से घिरे लोगों को किस प्रकार बचाना है इसका प्रदर्शन किया। इसके बाद बिंद मठिया में बाढ़ के दौरान किस प्रकार चेतावनी और लोगों को सूचना दी जाएगी। इसका भी प्रदर्शन किया। इस मौके पर डिप्टी इंसीडेंट कमांडर एडीएम आजाद भगत सिंह, राजस्व प्लानिंग सेक्शन प्रभारी एसडीएम सगड़ी अतुल कुमार गुप्ता और सीआरओ लॉजिस्टिक सेक्शन प्रभारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, चिकित्सा प्रभारी डिप्टी सीएमओ, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी, सिंचाई विभाग सहायक अभियंता अवर अभियंता संकटा प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।