जिले में मंगलवार को हुई बूंदाबांदी ने गर्मी और उमस से राहत दी। ऐसे में बारिश की उम्मीद लगाए किसानों में खुशी है। बूंदाबांदी का दौर बुधवार की दोपहर तक लगा रहा। पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज तीखा हो गया था। गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। धान के खेतों में दरारें पड़ गई थीं।मंगलवार की देर रात से बूंदाबादी शुरू हुई जो बुधवार की दोपहर तक जारी रही। हालांकि यह बूंदाबादी ज्यादा तेज तो नहीं थी लेकिन इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर दी। मौसम बदलने से जनपद के अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था जो बुधवार को घटकर 29 डिग्री सेल्सियस हो गया।
उधर, बूंदाबादी ने किसानों के चेहरे पर भी हल्की मुस्कान ला दी। क्योंकि बहुत से किसानों को अपनी फसल को बचाने के लिए पानी की जरूरत महसूस हो रही थी। फूलपुर : बुधवार को बदली, धूप व हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल से मौसम सुहाना रहा। लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। पारा कुछ लुढ़का भी। मौसम विशेषज्ञों ने कई इलाकों में बारिश की संभावना भी जताई है। फूलपुर नगर के अलावा जौमा, जगदीशपुर, खुरासो, ऊदपुर, सुद्नीपुर आदि क्षेत्रों में हल्की बरसात से मौसम खुशनुमा हो गया।