खूंखार हो रहे कुत्ते, प्रतिदिन बना रहे निशाना
आजमगढ़। इन दिनों कुत्तों के हमले में प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक लोग घायल हो रहे हैं। मंडलीय अस्पताल की ओपीडी में दर्ज आंकड़ों के अनुसार, कुत्तों के हमले में घायल होने वालों की संख्या बढ़ी है। शहर से लेकर गांव तक कुत्तों के हमले में घायल होने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। डॉक्टर, खूंखार हो रहे कुत्तों से बचकर रहने का सुझाव दे रहे हैं।
मंडलीय अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, अगर हम सितंबर को आंकड़ों पर गौर करें तो जनवरी से लेकर अब तक 2993 लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। एक सितंबर को 155, दो सितंबर को 107, चार को 186, पांच को 112 और 28 सितंबर को 102 लोगों को कुत्ते काटने के कारण इंजेक्शन लगाया गया। यह तो बानगी भर है। सड़क और गलियों में कुत्तों के काटने की घटना में इजाफा होने से लोग भयभीत है। इनमें वह लोग भी शामिल हैं जिन्हें दूसरी या तीसरी डोज लगाई गई। वहीं अगर आंकड़ों को देखें तो इनमें से 1975 लोगों को कुत्ते ने काटा तो 688 लोगों को बिल्ली ने, 90 को बंदरों ने काटा तो 240 लोगों को अन्य जानवरों के काटने पर एंटी डोज लगाई गई। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे एवं अधिक उम्र के लोग कुत्तों के काटने के ज्यादा शिकार हो रहे हैं। उनको समय से दवा लेने एवं इंजेक्शन लगवाने का सुझाव दिया जा रहा है।