आजमगढ़। गलत उपचार और कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाने के कारण महिला की हुई मौत के मामले में दीदारगंज पुलिस ने आरोपी डॉ. अशोक कुमार मौर्या और कंपाउंडर नीरज कुमार प्रजापति को पल्थी बाजार शाहगंज रोड तिराहे से गिरफ्तार किया है। दीदारगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि चार जुलाई को सदरपुर गांव निवासी मृतका नीलम देवी के पति जैसलाल ने दीदारगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि तीन जुलाई को उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर उन्हें गांव के एक चिकित्सक के पास ले गया। डॉक्टर ने अपने कंपाउंडर को दवा और इंजेक्शन देकर घर भेजा, जहां इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। परिजन उपचार के लिए शाहगंज (जौनपुर) ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना दीदारगंज में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।