आजमगढ़। शहर में एक महिला का टूटे हाथ को जहां जिला चिकित्सालय के डॉक्टर ने जोड़ कर सही किया लेकिन गलत तरीके से अभ्यास कराके फिजियोथेरेपिस्ट ने महिला का हाथ तोड़ दिया। इसके बाद दूसरे फिजियोथेरेपिस्ट ने भी गलत तरीके से एक्सरसाइज कराया तो फिर उसका हाथ टूट गया। इस मामले में महिला ने कोतवाली में तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने एसएसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताते चलें कि रीता सोनकर पुत्री स्व. शंकर शहर के मोहल्ला मुकेरीगंज की रहने वाली है। रीता ने बताया कि उसका हाथ टूट गया तो वह उपचार के लिए जिला अस्पताल गई। जहां मौजूद चिकित्सकों ने प्लास्टर लगाकर उसके हाथ को सही कर दिया। इसके बाद उसे एक्सरसाइज करने की सलाह देकर उसे फिजियोथेरेपिस्ट के पास भेज दिया गया। एक्सरसाइज के लिए वह एक फिजियोथेरेपिस्ट के पास पहुंची। महिला का आरोप हैं कि फिजियोथेरेपिस्ट ने एक्सरसाइज कराया तो हाथ में फिर से फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद फिर से प्लास्टर करना पड़ा। इसके बाद उसे दूसरे फिजियोथेरेपिस्ट के यहां भेजा गया। जहां उसके द्वारा भी गलत तरीके से एक्सरसाइज कराया गया। इसके कारण उसका तीसरी बार भी हाथ में फ्रैक्चर हो गया। रीता का कहना है कि वह गरीब है। किसी तरह से वह मजदूरी करके वह पेट पालती है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मामले में दोनों फिजियोथेरेपिस्ट के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
00
मामले की जांच की जा रही है। दोनों फिजियोथेरेपिस्ट अस्पताल में तैनात हैं। जांच के बाद ही सामने आएगा कि वास्तविक मामला क्या है।
स्मिता गुप्ता, जांच अधिकारी
00
यदि ऐसा है तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। यदि गलत एक्सरसाइज के कारण महिला का हाथ दो-दो बार फ्रैक्चर हुआ है तो गंभीर मामला है।
गौरव शर्मा, सीओ सिटी