आजमगढ़। नवगठित नगर पंचायत जहानागंज बाजार के नए कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को जिलाधिकारी एनपी सिंह ने किया। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत के आधारभूत आवश्यकताओं में प्रधानमंत्री शहरी आवास, सालिड-लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, जल निकासी, जलापूर्ति, लिंक रोड, स्ट्रीट लाइट, पार्क आदि को अगले वित्तीय वर्ष में प्रारम्भ किए जाने के लिए अधिशासी अधिकारी को डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने के लिए निर्देशित किया। नया आफिस रामपुर के पंचायत भवन में बनाया गया है। डीएम एनपी सिंह और ईओ रामबचन यादव ने घूमकर मुआयना किया। डीएम ने कहा कि जहानागंज आने पर लोग बार-बार यही कहते थे कि यहां जल निकासी की बहुत समस्या है। अब लोगों की समस्या का समाधान होगा। अध्यक्षता भाजपा नेता हरेन्द्र सिंह ने की। ईओ रामबचन यादव ने बताया कि नगर पंचायत की आबादी 25737 है। इसमें चार ग्राम पंचायतें और सात राजस्व गांव बरहतीर जगदीशपुर, रामपुर, चकसहदरिया, मुस्तफाबाद, तुलसीपुर, चकिया और चकअब्दुल मलिक शामिल हैं। यहां वार्ड के गठन की तैयारी शुरू कर दी गई है। एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, प्रधान डा .नसीम, पुट्टू यादव, रविन्द्र राय, ओमप्रकाश सिंह, रमेश कन्नौजिया, रामविजय सिंह, अच्छेलाल यादव, मनोज सिंह, जितेन्द्र सिंह, झुल्लन सिंह, बबलू राजभर, कमलेश राय, रणधीर सिंह उपस्थित थे।