आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विकास संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालय के निर्माण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया जाए। प्लास्टर एवं छत ढालने वाले कार्यों को पूर्ण कर सामुदायिक शौचालय को जल्द से जल्द क्रियाशील कर दिया जाए।
डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि जो सामुदायिक शौचालय बन गए हैं, उनके रखरखाव एवं कर्मचारियों के भुगतान आदि की कार्रवाई की जाए। अधूरे पंचायत भवन के निर्माण एवं हैंडपंप रिबोर के कार्य को शीर्ष प्राथमिकता से कराए फसलों की सिंचाई के लिए नहर व माइनर आदि की सिल्ट सफाई निर्धारित समय के अंदर कराने के लिए निर्देश दिए। चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती कराई जाए। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों का गोल्डन कार्ड बनाया जाए। निराश्रित महिला पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन योजना में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों का आधार फीडिंग कराएं। कन्या सुमंगला योजना के पेंडिंग फार्मों का सत्यापन कराएं। जिलाधिकारी ने इसके साथ ही दुग्ध, श्रम, आईसीडीएस, कोआपरेटिव, खाद्य एवं रसद आदि विभागों की गहन समीक्षा की। बैठक में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, डीडीओ आदि उपस्थित रहे।