आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में 50 लाख से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की गई। जिलाधिकारी ने प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग तथा निर्माण खंड लोनिवि द्वारा कराए जा रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जारी राशि के सापेक्ष निर्धारित समय के अंदर लक्ष्य के सापेक्ष कार्य को पूरा कराएं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूर्ण किए जाने की तिथि निर्धारित कर हमें अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने जल निगम के कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन पानी की टंकियों को तत्काल पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जो पानी की टंकियां बन चुकी हैं, उनसे पेयजल के कनेक्शन का कार्य शुरू कर दिया जाय। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था पैकफेड को निर्देश दिया कि तहसील मार्टीनगंज में आवासीय निर्माण, एटीआर सेंटर (लोक अदालत आजमगढ़), पीएसी, राज्य महिला महाविद्यालय बस्ती विकास खण्ड मिर्जापुर एवं श्री दुर्गा जी पीजी कालेज चण्डेश्वर में म्युजिकल हाल एवं आवासीय हाल के निर्माण कार्य में तेजी लाकर पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। डीएम ने कार्यदायी संस्था उप्र. आवास एवं विकास परिषद निर्माण खंड वाराणसी को निर्देश दिया कि सामुदायिक केंद्र फूलपुर को उच्चीकृत का 100 शैय्या युक्त चिकित्सालय भवन का निर्माण कार्य, जनपद न्यायालय, आजमगढ़ में ट्रांजिट हास्टल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुशलगांव, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाटघाट तथा राजकीय इंजीनियरिंग कालेज के कार्यां को निर्धारित समय सीमा के अंदर लक्ष्य के सापेक्ष जारी की गई धनराशि के सापेक्ष पूरा करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, डीईएसटीओ आरडी राम, सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी, सीवीओ डॉ. वीरेन्द्र सिंह, बीएसए अतुल कुमार, डीआईओएस, जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल, जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह तथा संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।