14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बुधवार को मंडलायुक्त मनीष चौहान ने अपने कार्यालय सभागार और डीएम विशाल भारद्वाज ने कलेक्ट्रेट सभागार में मातहतों को अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतन्त्र में पूर्ण आस्था रखते हुए लोकतान्त्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखने तथा स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर बिना किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ ली।
इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा के आधार पर मतदान करना लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए घातक है। डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि देश का एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा यह दायित्व है कि हम अपने साथ-साथ अपने परिवार, अपने गॉंव, मुहल्ले वालों को भी अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूक और दृढ संकल्पित करें।