नगरपालिका सभागार में शुक्रवार को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम की तैयारी बैठक सभासदों के विरोध की भेंट चढ़ गई। सभासद अधिशासी अधिकारी द्वारा सभासद पुत्र के ऊपर दर्ज मुकदमे को लेकर नाराज हैं। वह ईओ के स्थानांतरण को लेकर लामबंद हो गए हैं।
विगत दिनों अधिशासी अधिकारी ने एक सभासद पुत्र के विरुद्ध चेयरमैन के कुर्सी पर बैठने का वीडियो वायरल होने पर थाने में सरकारी कार्य में बाधा और धमकी आदि देने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसे लेकर अध्यक्ष के नेतृत्व में सभासद लामबंद हो गए हैं। एक तरफ शुक्रवार को सभागार में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम को लेकर जेई महावीर भारती, राजन चौधरी और कर्मचारी मीटिंग कि व्यवस्था कर रहे थे तो दूसरी तरफ अध्यक्ष के चेंबर में सभी वार्डों के सभासद ईओ का विरोध जता रहे थे। सभासदों ने कहा कि उनके खिलाफ भी ईओ मुकदमा पंजीकृत कराएं। कहा जब तक ईओ नहीं आएंगी तब तक वह मीटिंग में शामिल नहीं होंगे।
पूर्व चेयरमैन डॉक्टर शमीम ने कहा कि वह सभासद पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की निंदा करत हैं। यह प्रयास करते हैं कि भविष्य में इस तरह की नई परंपराओं की पुनरावृत्ति दोबारा न हो।