कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बरसात के समय सबसे ज्यादा घटित होने वाली आपदाओं सर्पदंश, बिजली, पानी में डूबना और बाढ़ विषय पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें आपदा विशेषज्ञ ने स्काउट गाइड के बच्चों को आपदा प्रबंधन की जानकारी दी। आपदा विशेषज्ञ डॉ चंदन कुमार ने उन्हें सचेत, दामिनी तथा आपदा प्रहरी एप के बारे में बताया। कहा कि यह भारत सरकार द्वारा डेवलप किया गया एप है जो बिजली, आंधी, तूफान तथा वर्षा की सूचना समय से पूर्व देता है। जिसकी जानकारी प्राप्त कर खुद एवं दूसरे लोगों की जान बचाई जा सकती है। बताया गया कि वर्तमान में बारिश के वजह से नदियों, तालाबों एवं पोखरों का जलस्तर बढ़ता है जिसके कारण विषैले सांप ऊंचे एवं सूखे क्षेत्रों में आते हैं। जिसके कारण सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कहा कि सर्पदंश होने के दौरान झाड़फूंक के चक्कर में न पड़कर सीधे डॉक्टर के पास जाएं। एडीएम वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह ने बताया कि वर्तमान में बिजली की घटनाएं अत्यधिक घटित हो रही हैं। जिसे कम करने के लिए हम सबको सजग रहना होगा एवं क्या करें क्या ना करें कि सूचना हर घर तक पहुंचानी होगी। आम जनमानस को जागरूक करके इन आपदाओं से होने वाली क्षति को कम किया जा सकता है। इस मौके पर अवधेश यादव जिला संगठन आयुक्त (स्काउट), आईटी कोऑर्डिनेटर, सोनी यादव जिला संगठन आयुक्त (गाइड), सुनीता देवी जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड), दान बहादुर यादव प्रभारी रोवर रेंजर श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी आदि उपस्थित थे।