आजमगढ़। डीआईओएस कार्यालय पर मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) का चल रहा धरना मंगलवार को 16वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर लंबित समस्याओं से अवगत कराया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष जामवंत निषाद ने कहा कि डीआईओएस अपनी नैतिकता खो चुके हैं। उनमें सच का सामना करने का जरा सा भी साहस नहीं है। अगर साहस होता तो धरना स्थल पर आकर शिंक्षक- कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान हो गया होता। जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल डीएम से उनके कार्यालय में मिला। उन्होंने डीआईओएस को 21 मई को लंबित समस्याओं और उनके समाधान के साथ कार्यालय में आने को कहा है। इस मौके पर शेर बहादुर सिंह यादव, बाबू रामपाल, सतीश जोशी, रामधनी राम, राजेश राम, राजेश यादव आदि मौजूद थे।