आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ ने पेपर छपवाया नहीं और संबद्ध महाविद्यालयों को खाली लिफाफा भेज दिया। बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में एमए चतुर्थ सेमेस्टर की संस्कृत की परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को कॉलेजों से निराश लौटना पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर कापी का वितरण हो गया लेकिन जब प्रश्नपत्र के लिफाफे खोले गए तो वह खाली थे। इसके चलते अपरिहार्य कारण बताकर परीक्षा टाल दी गई। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय से आजमगढ़ और मऊ जनपद के 454 महाविद्यालय संबद्ध हैं। बृहस्पतिवार को दूसरी की पाली में एमए चतुर्थ सेमेस्टर के संस्कृत विषय की परीक्षाएं होनी थी। इसमें पंजीकृत 331 विद्यार्थी परीक्षा देने केंद्रों पर पहुंचे। निर्धारित समय पर कापियों का वितरण कर दिया लेकिन जब प्रश्नपत्र का लिफाफा खोला तो कक्ष निरीक्षक के होश उड़ गए। विश्वविद्यालय से भेजे गए लिफाफे में प्रश्नपत्र की जगह सादे पेपर थे। इसके बाद अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा टाल दी गई।
रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक विशेश्वर प्रसाद ने कहा कि प्रश्नपत्र न छपने के कारण संस्कृत विषय की एमए चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं नहीं हो सकी। फिलहाल परीक्षा टाल दी गई है। रही बात प्रवेशपत्र फिर से डाउनलोड करने की तो एजेंसी बदलने के कारण इसमें थोड़ा सा बदलाव हुआ है। इसलिए ऐसा निर्देश जारी किया गया है।