आजमगढ़। एंटी करप्शन टीम आजमगढ़ ने मंगलवार को जिला वन अधिकारी कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव निवासी तिवारीपुर सिधारी को 7,500 रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी मनोज विश्वकर्मा ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि पेड़ कटाई करने के लिए ऑनलाइन अनुमति दिलाने के एवज में डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव रिश्वत मांग रहा है। जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को 7,500 रुपये लेकर भेजा। दोपहर 12:21 बजे स्टेनो ने सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक कार्यालय के मुख्य गेट के अंदर बने शौचालय में रिश्वत की रकम ली, वहां पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने स्टेनो को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गए। जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। एंटी करप्शन टीम प्रभारी संतोष कुमार दीक्षित ने बताया कि आरोपी कपिलदेव यादव साल 2001 से वन विभाग में कार्यरत है। पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत मिली थी। साक्ष्य नहीं मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही थी। वन विभाग के अधिकारियों को आरोपी के करतूत की जानकारी होने के बाद भी वे कार्रवाई नहीं कर रहे थे।