सोमवार को जिले भर में शिवालयों में जलाभिषेक होगा। भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ ही उनका जल व दूध से अभिषेक किया जाएगा। इसके लिए शिव मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं कांवड़िए भी नदियों से जल भरकर शिव मंदिर पहुंचेंगे। बाबा का दर्शन और जलाभिषेक करने के लिए मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग भी कर दी गई है।
इस बार अधिक मास पड़ने से सावन का महीना काफी लंबा है। शिवभक्तों में सावन को लेकर काफी खुशी है। मंदिर के पट सुबह चार बजे से ही भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। उधर नगर पालिका की ओर से शिवालयों के आसपास साफ-सफाई कराई गई। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या ना हो सके। शहर के बाबा भंवरनाथ मंदिर, बाबा भैरव धाम, दत्तात्रेय, ऋषि दुर्वासा, अवंतिकापुरी धाम समेत जनपद के अन्य शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ेगी। जहां पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
सावन को देखते हुए रूट रहेगा डायवर्ट
आजमगढ़। सावन के सोमवार पर बाबा भंवरनाथ मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन किया गया है। यह डायवर्जन रविवार की रात दस बजे से सोमवार की रात आठ बजे तक लागू रहेगा। ऐसे में अगर बिना रूट चार्ट देखे आप घर से निकले तो परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फैजाबाद रोड से आजमगढ़ की तरफ आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन भंवरनाथ चौराहा से जुनैदगंज चौराहा, हाफिजपुर चौराहा, बैठौली तिराहा, सिधारी हाइड्रिल चौराहा से नरौली तिराहा होते हुए जाएंगे। गोरखपुर से आजमगढ़ की तरफ आने वाले वाहन हाफिजपुर चौराहा से बैठौली तिराहा, सिधारी हाइड्रिल चौराहा से नरौली तिराहा होते हुए जाएंगे। वाराणसी, शाहगंज, जौनपुर, प्रयागराज रोड से आने वाले सभी भारी वाहन बेलइसा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन तिराहा, नरौली तिराहा, हाइडिल चौराहा, बैठौली तिराहा से हाफिजपुर चौराहा होकर रवाना होंगे।आजमगढ़ रोजवेज से गोरखपुर, फैजाबाद को जाने वाले रोडवेज व प्राइवेट बसें नरौली तिराहा, हाइडिल चौराहा, बैठौली तिराहा, हाफिजपुर चौराहा होकर जाएंगी।