सावन के सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। जलाभिषेक के दौरान कावंड़ियों व भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे देखते हुए बैरिकेडिंग की गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है। जलाशयों में स्नान के लिए व्यवस्था की गई है। मेले की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। सोमवार को होने वाले पूजन अर्चन तथा जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए एक दिन पहले ही सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं। न सिर्फ मंदिरों व शिवालयों की साफ सफाई की गई, बल्कि साज सजावट का भी कार्य रविवार देर शाम तक चला। सावन पर्व में होने वाले पूजन अर्चन में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए श्रद्धालुओं ने सभी जरूरी खरीददारी भी एक दिन पहले ही पूरी कर ली। सोमवार को शिवालयों के पट भोर में ही दर्शन पूजन के लिए खोल दिए जाएंगे। बाबा भंवरनाथ श्रृंगार कमेटी के प्रमुख जयप्रकाश दुबे उर्फ दीपू बाबा का कहना है कि इस माह पूजन-अर्चन, जलाभिषेक व रुद्राभिषेक से शिव प्रसन्न होकर मनोवांछित फल देते हैं। प्रत्येक सोमवार को शिव की उपासना करने से सुख समृद्धि का आगमन होता है। व्यक्ति की मनोकामनाएं पूर्ण होती है। रानी की सराय :सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ अवंतिकापुरी धाम में होने की संभावना है। रविवार की शाम बाजार में बेल-पत्र, फूल, माला, धतुरा, भांग, काले तिल, फल आदि की खूब बिक्री हुई।