जहानागंज। नगर पंचायत जहानागंज के मिश्रा मार्केट में बुधवार की रात एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने बुलडोजर चलवा कर अतिक्रमण हटवाया था। अतिक्रमण हटाने के बाद टीम नगर पंचायत कार्यालय पहुंची तो वहां व्यापारियों से टीम की जम कर बहस भी हुई। एसडीएम सदर के निर्देश पर मुकदमा भी थाने में दर्ज कराया गया। रात में ही व्यापारी व कस्बावासी सड़क पर उतर गए थे। बृहस्पतिवार की सुबह धरना प्रदर्शन शुरू हुआ, जिसमें व्यापारी अपनी-अपनी दुकाने बंद कर शामिल हुए। शाम चार बजे तहसीलदार सदर के आश्वासन पर जाम समाप्त हो हुआ। मिश्रा मार्केट के व्यापारियों का कहना था कि जिन टिनशेड आदि को बुधवार की रात एसडीएम सदर के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीम ने ढहवाया है। वह अतिक्रमण की जद में ही नहीं है। हमारी खुद की जमीन पर टिनशेड लगा है। सुबह सात बजे से ही मिश्रा मार्केट के पास मुख्य मार्ग पर जाम कर धरना प्रदर्शन शुरू हो गया था। कड़ी धूप के बाद भी दुकाने बंद कर दुकानदार व बाजार वासी अतिक्रमण अभियान के खिलाफ लामबंद रहे। व्यापारियों का आरोप था कि बिन सर्वे के ही अतिक्रमण के नाम पर उनके टिनशेड आदि निर्माण को नगर पंचायत की टीम ने जेसीबी से ढहवाया है। प्रदर्शन की जानकारी पर तहसीलदार सदर संजय कुमार कुशवाहा मौके पर पहुंचे और सर्वे होने तक अतिक्रमण हटाओ अभियान को बंद रखने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही बुधवार को दर्ज कराए गए मुकदमें को वापस लेने की भी बात कही। इसके बाद व्यापारी शांत हुए और सड़क पर सुबह सात बजे से चल रहे धरना प्रदर्शन को चार बजे के लगभग समाप्त किया।