आजमगढ़-सठियांव रेलवे स्टेशन के बीच मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में बृहस्पतिवार को रेलवे अधिकारियों के मानव रहित रेलवे क्राॅसिंग को बंद करने का ग्रामीणों ने विरोध किया। नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों और उनके बीच समझौता हुआ। रेलवे विभाग अधिकारी मानव रहित रेलवे क्रासिंग 22 सी फाटक को बंद करने के लिए मंडल इंजीनियर सामान्य वाराणसी पीपी खुजुर के नेतृत्व में रेलवे की टीम पहुंची। इसकी भनक लगते ही रानीपुर एवं कुकुड़ीपुर गांव के ग्रामीण पहुंचे और गेट को बंद करने का विरोध करने लगे। विरोध प्रदर्शन लगभग तीन घंटे तक चला। प्रदर्शन करने वालों का कहना है कि गेट के बंद हो जाने से असुविधा होगी। आखिरकार प्रदर्शनकारियों के आगे रेलवे विभाग को झुकना पड़ा और अंडरपास बनाने के बाद ही गेट को बंद करने को लेकर सुलह समझौता हुआ। ग्रामीण ढुक्कू यादव, लालचंद यादव, त्रिपुरारी कुमार, भाजपा नेता दुर्गविजय यादव ने कहा कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में अंडरपास बनवाने के बाद ही फाटक को बंद किया जा सकता है। फाटक को बंद करने के लिए जिलाधिकारी के अनुपालन में पहले अंडरपास बनाया जाए। उसके बाद ही गेट बंद हो पाएगा। इस अवसर पर सहायक मंडल इंजीनियर जयकरन यादव, आईओडब्ल्यू राकेश सिंह, पीडब्ल्यूआई अनिल कुमार यादव, आरपीएफ संजय शुक्ला, जीआरपी उपनिरीक्षक जमालुद्दीन, मुबारकपुर थाना उपनिरीक्षक मुन्नालाल आदि मौजूद थे।