तहसील क्षेत्र के विकासखंड कोयलसा के लखमीपुर गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री योजना के तहत आवास के निर्माण का कार्य चल रहा है लेकिन गांव के कुछ लोगों द्वारा आवास निर्माण में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री योजना के तहत हम सभी को आवास मिला है जिसका वह अपनी ही जमीन पर निर्माण करा रहे हैं। हल्का लेखपाल और पुलिस की मिलीभगत के चलते सरकारी योजनाओं का ठीक ढंग से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। आवास ना होने के कारण बारिश के समय रात बैठकर गुजारनी पड़ती है। तहसील से लेकर आला अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। चेताया कि यदि शीघ्र ही समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। इस मौके पर गुड्डू, विनोद, चंद्रकला, मुकेश, सुनीता, उषा, सुखिया, सोनावला, निर्मला, रमाकांत वर्मा आदि उपस्थित थे। उधर, एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि टीम गठित कर जल्द मामले का निस्तारण किया जाएगा।