मोहम्मदपुर-फरीहा मार्ग से मोहिउद्दीनपुर जाने वाली जर्जर सड़क पर पानी में खड़े होकर रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने कहा कि सड़क को जल्द बनवाया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग मोहिउद्दीनपुर से अंबरपुर तक जाती है। सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। जिसके कारण जरा सी बरसात में जलजमाव हो जाता है। छह गांव के लोगों का प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन होता है। जहां सड़क टूटी हुई है वहां पर रहने वाले लोगों के लिए परेशानी होती है। बड़ी गाड़ियों के आने पर कीचड़ घरों तक चला जाता है। प्रदर्शन करने वालों में सोहन, लाला, अल्ताफ, दिलशाद,शफीक, बिंदु धरकार, जितनू यादव आदि मौजूद रहे।