विद्युत संविदा कर्मचारी महासंघ व विद्युत मजदूर संगठन के बैनर तले मंगलवार को संविदा कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता कार्यालय गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने उपकेंद्रों पर तैनात एसएसओ को विभाग से हटाए जाने का विरोध किया। जोनल प्रभारी रामदुलारे गुप्ता ने कहा कि कई वर्षो से जिले में विद्युत उपकेंद्रों पर दस हजार रुपये महीने पर आउट सोर्सिंग के माध्यम से एसएसओ रखे गए हैं। वह अपनी निरंतर सेवा देते चले आ रहे हैं। अब विद्युत कारपोरेशन इनको सेवा से हटा रहा है और भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से लगभग तीन गुना वेतन पर एसएसओ की नई तैनाती की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है। जिसके कारण संविदा कर्मचारी आंदोलित हैं। कहा कि पहले से तैनात एसएसओ न हटाया जाय साथ ही सभी जनपदों में संविदा कर्मचारियों को ईएसआई की सुविधा दी जाय, परियोजना में कार्यरत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की वेतन विसंगति को दूर किया जाये।