बूढ़नपुर। विकासखंड कोयलसा के मोलनापुर नत्थन पट्टी गांव के ग्रामीणों ने पंचायत भवन निर्माण की मांग को लेकर मंडलायुक्त कार्यायल पर प्रदर्शन किया। कहा कि बंजर भूमि होने के बाद भी पंचायत भवन का निर्माण नहीं कराया जा रहा। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त मनीष चौहान को ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि अगर पश्चिम बस्ती में पंचायत भवन का निर्माण कराया जाता तो ग्रामीणों को सहूलियत मिलती। शादी विवाह में बरात रुकने का एक उचित स्थान हो जाता। लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा पक्षपातपूर्ण कार्य किया जा रहा है। बस्ती में सैकड़ों घर है जहां पर ग्राम प्रधान ने नाली और रास्ते का निर्माण नहीं कराया ऐसे में आवागमन में दिक्कत आ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर ग्राम प्रधान ने बंजर जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण नहीं किया तो ग्रामीण ब्लॉक का घेराव करेंगे। वहीं ग्रामीणों की मांग को देख समाजसेवी नवमी मौर्य ने अपनी चार बिस्वा जमीन ग्राम पंचायत के विकास के लिए देने का ऐलान किया। कहा कि ग्राम सभा का विकास सर्वोपरि है। हमारी ग्रामसभा के लोगों को किसी तरह की असुविधा ना हो। इस दौरान नवमी प्रसाद मौर्य, दिवाकर मौर्य, अशोक मौर्य्र, उमाशंकर, राजवन, राजनाथ, धर्मवीर, हरेंद्र, प्रदीप आदि मौजूद थे।