आजमगढ़। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के आह्वान पर जिलाध्यक्ष पद्माकर लाल वर्मा (घुट्टुर सेठ) के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। पद्माकर लाल वर्मा ने बताया कि ज्ञापन में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। व्यापार मंडल ने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने, दुकानों के लिए आगजनी की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक का बीमा कराने, विलंब से रिटर्न अथवा बकाया राशि जमा करने पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत करने की मांग की। इसके अलावा सभी विभागों के लाइसेंस आजीवन किए जाने, विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले सर्वे एवं छापेमारी संबंधी कानूनों को समाप्त करने, बिजली बिल में लगाए जाने वाले फिक्स चार्ज एवं मिनिमम चार्ज समाप्त करने तथा व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाए। ज्ञापन सौंपने वालों मेें विनय कुमार, पवन अग्रवाल, शारदा जायसवाल, सुभाष जायसवाल, संतोष गुप्ता, सुआल प्रसाद गोंड, रामसेवक सिंह, विशाल वर्मा, दीपू सेठ आदि शामिल थे। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष पद्माकर लाल वर्मा (घुट्टुर सेठ), विनय कुमार, पवन अग्रवाल, शारदा जायसवाल, सुभाष जायसवाल, संतोष गुप्ता, सुवाल प्रसाद गोंड, रामसेवक सिंह, विशाल वर्मा, दीपू सेठ सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।